बाल्टी में छिपाकर ले जा रहा था अफीम, तस्कर गिरफ्तार पुलिस को देखकर भागा, पीछा कर दबोचा; पूछताछ में बड़े नेटवर्क का खुलासा संभव
उदयपुर के वल्लभनगर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ (ANTF) और स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी शिवलाल डांगी हाथ में प्लास्टिक की बाल्टी लेकर पैदल अपने घर जा रहा था। उसे लगा कि साधारण तरीके से चलने पर किसी को शक नहीं होगा, लेकिन पुलिस की सटीक सूचना के चलते वह पकड़ा गया।
एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि धमानिया गांव में नाकाबंदी के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर घबरा गया और वापस भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में बाल्टी से 113 ग्राम अवैध अफीम और 965 ग्राम नशीला तरल पदार्थ ‘टांका’ बरामद हुआ। वहीं आरोपी की जेब से 23,130 रुपए नकद भी मिले, जिन्हें नशे के कारोबार से जुड़ा माना जा रहा है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अफीम में ‘टांका’ मिलाकर उसका वजन बढ़ाता था और ज्यादा मुनाफा कमाता था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी यह माल कहां से लाता था और उसके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। फिलहाल एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
