May 6, 2026

UDAIPUR NEWS CHANNEL

Udaipur News की ताज़ा खबरे हिन्दी में | ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज़

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ जयपुर में मनाएगी सेना:रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ तीनों सेना प्रमुख रहेंगे मौजूद, ऑपरेशन से जुड़ी फिल्म करेंगे रिलीज

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ सेना जयपुर में मनाएगी। जयपुर स्थित साउथ वेस्टर्न कमांड में गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ तीनों सेनाओं के प्रमुख जयपुर आएंगे। कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान भी मौजूद रह सकते हैं। इस दौरान ऑपरेशन से जुड़ी फिल्म भी रिलीज की जाएगी।

भारतीय सेना ने 7 मई 2025 को पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। तब पाकिस्तान से लगती लंबी सीमा, सैन्य ठिकानों की मौजूदगी और सीमावर्ती जिलों की संवेदनशीलता के कारण ऑपरेशन सिंदूर का प्रमुख केंद्र राजस्थान रहा था। ऐसे में सेना ने फिर ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए राजस्थान को चुना है।

ऑपरेशन से जुड़ी फिल्म करेंगे रिलीज

जयपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार दोपहर 12 बजे तीनों सेनाओं के प्रमुख के साथ खातीपुरा स्थित सप्त शक्ति कमांड में मीडिया को संबोधित करेंगे। वहीं शाम 5 बजे ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी फिल्म को रिलीज किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो इस फिल्म के कई शॉट्स रियल हैं, जिन्हें ऑपरेशन सिंदूर के समय शूट किया गया था।