May 6, 2026

UDAIPUR NEWS CHANNEL

Udaipur News की ताज़ा खबरे हिन्दी में | ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज़

श्री ओम बना जन्मोत्सव पर 13वां विशाल रक्तदान शिविर, 200 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य

श्री ओम बना के जन्मोत्सव के अवसर पर शहर के सेक्टर 4 स्थित विद्यानिकेतन परिसर में 13वें विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही रक्तदाताओं का जोश देखने को मिला और सामाजिक सरोकारों का माहौल बना रहा। ओम बना मित्र मंडल के सदस्य सुरेन्द्र सिंह पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर हर वर्ष बीएन कॉलेज में आयोजित किया जाता रहा है, लेकिन इस बार जगह की कमी के चलते इसे विद्यानिकेतन में वृहद स्तर पर आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का सम्मान भी किया गया, जिससे युवाओं में सेवा भाव को और अधिक बढ़ावा मिले। शिविर में तीन अलग-अलग ब्लड बैंक टीमों ने पहुंचकर रक्त संग्रह का कार्य संभाला। आयोजकों के अनुसार करीब 200 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है, जिसे लेकर रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंडल के सदस्य मनोज साहू ने कहा कि रक्तदान एक महादान है और हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “आपका दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है, इसलिए समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जुड़ना चाहिए।” कार्यक्रम के दौरान सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।