मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उदयपुर पहुंचे, बैठक शुरू:बैठक में जनप्रतिनिधि भी शामिल, आमजन का प्रवेश बंद किया, कई रास्तों को किया डायवर्ट
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उदयपुर पहुंचे। डबोक एयरपोर्ट पर स्थानीय अधिकारियों ने उनकी अगवानी की और भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कलेक्ट्रेट में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ जिला परिषद सभागार में समीक्षा बैठक ले रहे है। बैठक में अलग-अलग विभागों के कामकाज को लेकर चर्चा की जा रही है। बैठक में जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, सलूंबर विधायक शांता मीणा आदि भी शामिल हुए। इससे पहले उनकी यात्रा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए यहां जिला परिषद में आमजन की आवाजाही बंद कर दी है। मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर पुलिस ने कोर्ट चौराहा से कलेक्ट्रेट होकर देहलीगेट चौराहा जाने वाले मुख्य रास्ते को बंद कर दिया। वहीं यहां देहलीगेट से कोर्ट चौराहा जाने वाला रास्ता चालू है। कोर्ट चौराहा से जाने वाले वाहनों को शास्त्री सर्कल होकर देहलीगेट वाले रास्ते से डायवर्ट किया गया है। जिला परिषद हॉल में समीक्षा बैठक में जिले के प्रोजेक्ट से लेकर बजट घोषणा की प्रगति पर सीएम चर्चा कर रहे है। सीएम का यहां से प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव जाने का कार्यक्रम है। सीएम यात्रा को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर मुख्य गेट और जिला परिषद के गेट के बाहर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कलेक्ट्रेट के अंदर भी किसी का प्रवेश बिना आईकार्ड नहीं है।
