उत्कृष्टता और सेवा से ही मिलेगी असली सफलता: दीक्षांत समारोह में डॉ. सुधीर श्रीवास्तव का संदेश
अमेरिकन इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, उदयपुर में द्वितीय दीक्षांत समारोह
उदयपुर। विख्यात कार्डियेक थोरोसिक सर्जन एवं प्रमुख सर्जिकल रोबोट निर्माता कंपनी के चेयरमैन डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि मेडिकल प्रोफेशन में असली सफलता इस बात से तय होती है कि हमने अपने अनुभव से कितने लोगों को जीवन दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस क्षेत्र में उत्कृष्टता ही सबसे बड़ी जरूरत है।
वे अमेरिकन इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के द्वितीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि आज देश में सर्जिकल रोबोट की मांग तेजी से बढ़ रही है। एसएसआई मंत्रा द्वारा 200 से अधिक स्थानों पर सर्जिकल रोबोट स्थापित किए जा चुके हैं, जो कार्डियक सर्जरी में भी उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि यह जुनून ही भारत को चिकित्सा क्षेत्र में आगे ले जा रहा है।
कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि आरएनटी मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. राहुल जैन ने छात्रों से कहा कि मेडिकल डिग्री केवल कागज नहीं, बल्कि उनकी पहचान है। उन्होंने सलाह दी कि मरीजों की समस्याएं सुनना, उन्हें समय देना और श्रेष्ठ इलाज देना ही डॉक्टर की असली जिम्मेदारी है।
मानव हित में होना चाहिए एक्सीलेंस का प्रदर्शनरू डॉ. कीर्ति जैन
अमेरिकन मेडिकल कॉलेज के चेयरमैन डॉ. कीर्ति जैन ने कहा कि डिग्री लेने के बाद हर व्यक्ति पैसा कमाता है, लेकिन ऐसा कार्य कभी नहीं करना चाहिए जिससे स्वयं और परिवार असंतुष्ट रहे। उन्होंने जोर दिया कि वही काम करें जो संतुष्टि, खुशी और सुकून दे और यह तभी संभव है जब उत्कृष्टता का प्रदर्शन मानव हित में किया जाए। उन्होंने डॉ. सुधीर श्रीवास्तव का उदाहरण देते हुए बताया कि 1400 से अधिक रोबोटिक सर्जरी कर देश को सर्जिकल रोबोट देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
150 यूजी और 85 पीजी मेडिकल विद्यार्थियों को मिली डिग्री
इस अवसर पर डॉ. कीर्ति जैन, डॉ. सुधीर श्रीवास्तव, डॉ. राहुल जैन, डॉ. एसके कसै?िसक, डॉ. आनंद झा, डॉ. प्रिया जैन, एमपीयूएटी वाइस चांसलर प्रकाश सिंह धाकड़, सिंघानिया यूनिवर्सिटी वीसी संजय सिन्हा, गीतांजलि यूनिवर्सिटी वाइस चांसलर राकेश कुमार व्यास, आईएमए राजस्थान अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता ने डिग्री प्रदान की और चिकित्सकीय पेशे की शपथ दिलाई। समारोह में कई प्रमुख शिक्षाविद और चिकित्सा क्षेत्र के गणमान्य अतिथि मौजूद रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गाउन में सजे छात्र-छात्राएं, गर्व से भरे परिजन और उत्साह से भरा माहौल,हर चेहरा खुशी से दमक दीक्षांत का यह खास पल परिजनों के लिए गर्व और भावुकता से भरा रहा, जहां आंखों में खुशी के आंसू साफ झलक रहे थे। हर कोई इन यादगार क्षणों को कैमरे में कैद करता नजर आया।
